कांटाबांजी| कांटाबांजी में चेस एसोसिएशन के तत्वावधान में स्थानीय हरि भवन में मारवाड़ी युवा मंच विकास शाखा, सीएस चेस सेंटर राउरकेला व ऑल ओडिशा चेस एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित द्वितीय सर्व भारतीय ओपन चेस चैंपियनशिप का मंगलवार को समापन किया गया। तीन दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में कुल 9 राउंड खेले गए। प्रतियोगिता में पुरी के जगदीश बारिक चैंपियन बने। केउंझर के देवी प्रसाद नायक उपविजेता रहे, जबकि बरगढ़ के ब्रजेश बास्तव भोई ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। श्रेष्ठ महिला खिलाड़ी के रूप में इसा एक्स और वरिष्ठ खिलाड़ी के रूप में भीमसेन पात्र को सम्मानित किया गया। इसके अलावा विभिन्न वर्गों के अन्य खिलाड़ियों को भी पुरस्कार प्रदान किए गए। इस चैंपियनशिप में राज्य और अन्य राज्य के खिलाड़ियों ने भाग लिया। अतिथियों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से कांटाबांजी के शतरंज खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ेगा और वे भविष्य में भी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित होंगे, जो खिलाड़ियों के लिए शुभ संकेत है। इस दौरान मुख्य अतिथि कांटाबांजी नगरपाल बरियाम सिंह सालुजा, अग्रवाल सभा के सचिव संतोष अग्रवाल, निखिल अग्रवाल व अन्य उपस्थित थे।


