एसओजी ने फर्जी तरीके से बैक डेट में डिग्रियां व अंकतालिकाओं के सरगना शारीरिक शिक्षक को गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद भी फर्जी डिग्री लेकर पीटीआई बना है। एसओजी के अनुसार आरोपी गंगासिंह ईनाणियां 39 निवासी इनाणा मूण्डवा-नागौर हाल शारीरिक शिक्षक राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय मिरजास, ब्लॉक मूण्डवा-नागौर को गिरफ्तार किया है। आरोपी गंगासिंह ओपीजेएस विश्वविधालय के संचालक जोगेन्द्र सिंह व दलाल सुभाष पूनियां के साथ मिलकर छात्रों को फर्जी तरीके से पुरानी तारीखों में विभिन्न कोर्सेज की डिग्रियां-अंकतालिकाएं बेचता था। आरोपी सरगना को नागौर पुलिस के सहयोग से एसओजी यूनिट अजमेर ने गिरफ्तार किया है। मामले की जांच एसआेजी जयपुर टीम कर रही है। जांच में सामने आया कि आरोपी काफी छात्रों को फर्जी तरीके से बैक डेट में कमीशन पर बीपीएड व डीपीएड एवं अन्य कोर्सेज की डिग्रियां व अंकतालिकाएं बेची है। इन फर्जी अंक तालिकाओं व डिग्रियों के आधार पर काफी छात्र विभिन्न भर्ती परीक्षाओं पर चयनित होकर राजकीय पदों पर है। आरोपी से जिनकों डिग्रियां बेची है। एसओजी गंगासिंह से डिग्रियां खरीदने वालों के बारे में पूछताछ की जा रही है। इस मामले में अब तक ओपीजेएस विश्वविद्यालय के संचालक जोगेन्द्र सिंह, पूर्व रजिस्ट्रार जितेन्द्र यादव, सरिता कडवासरा, दलाल सुभाष पूनियां सहित अन्य को गिरफ्तार किया जा चुका। सभी आरोपी जेल में है।


