निवाड़ी जिले ओरछा से सरकारी सिस्टम की लापरवाही का एक मामला सामने आया है। यहां नटका के एक शासकीय स्कूल के मैदान में लगी पानी की टंकी बच्चों के लिए सुविधा के बजाय खतरा बनती जा रही है। जिस मैदान में बच्चों को खेलना चाहिए, वह आज पानी से लबालब है। ओरछा तहसील स्थित शासकीय स्कूल के मैदान में नगर पंचायत द्वारा स्थापित की गई बड़ी पानी की टंकी लंबे समय से रिसाव की समस्या से जूझ रही है। टंकी से लगातार पानी टपकने के कारण स्कूल का पूरा मैदान हर वक्त जलमग्न रहता है। इसका सीधा असर बच्चों की खेल-कूद गतिविधियों पर पड़ रहा है। जहां बच्चों को खुले मैदान में दौड़ना, खेलना और शारीरिक गतिविधियां करनी चाहिए थीं, वहीं अब वे मजबूरी में पानी भरे मैदान में ही खेलते नजर आते हैं। स्कूल प्रबंधन का कहना है कि जलभराव से बच्चों के फिसलने और बीमारियों के फैलने का खतरा लगातार बढ़ रहा है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्कूल प्रबंधन ने नगर पंचायत ओरछा के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) को लिखित ज्ञापन सौंपा। इसमें टंकी के लीकेज को तत्काल दुरुस्त करने की मांग की गई। ज्ञापन मिलने के बाद मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने मामले को संज्ञान में लेते हुए उपयंत्री सूरज गर्ग को तुरंत सुधार कार्य करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, ओरछा नगर परिषद अध्यक्ष शिशुपाल सिंह राजपूत ने बताया कि टीम को भेज दिया गया है और आज शाम तक सुधार कार्य कर दिया जाएगा।


