ओवरब्रिज के नीचे जलापूर्ति शुरू होने पर सड़क पर जमा हो रहा पानी, नाली जाम होने से हो रहा जलजमाव

निगम प्रशासक ओवरब्रिज के नीचे जहां निरीक्षण करने पहुंचे, वहां रोजाना हो रहा जल जमाव, पर दिखा ही नहीं राजधानी को स्वच्छ और सुंदर बनाने की दिशा में नगर निगम प्रशासक लगातार विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने मेन रोड ओवरब्रिज के नीचे और स्टेशन रोड का भी निरीक्षण किया। निगम की पूरी टीम के साथ प्रशासक जिस स्थल का निरीक्षण कर रहे थे वहां रोजाना जल जमाव की स्थिति बनी रहती है। सुबह में जलापूर्ति शुरू होने के साथ ही पाइपलाइन में लीकेज की वजह से पानी का बहाव शुरू हो जाता है। सड़क पर पानी जमा हो जाता है। स्टेशन रोड की नाली भी जाम है। इस वजह से पानी के साथ नाली का कचरा ओवरब्रिज के नीचे सर्विस लेन पर जमा हो जाता है। इस वजह से खासकर स्कूली बच्चों को आने-जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।लेकिन दोपहर 12 बजे तक वाहनों के आवागमन की वजह से पानी सूख जाता है। स्थानीय लोगों ने निगम को इससे संबंधित पत्र लिखा,लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई। बुधवार को निगम प्रशासक जल जमाव वाले स्थल से कुछ आगे पहुंचे। उन्होंने स्टेशन रोड के दोनों ओर पाथ वे विकसित करने, सरकारी बस स्टैंड के पास सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया,लेकिन जल जमाव और नाली जाम नहीं दिखा। निगम प्रशासक ने सैटेलाइट चौक से मेकॉन चौक की ओर से जाने वाले रास्ते में खाली पड़ी जमीन का निरीक्षण किया। इस दौरान सीओ ने बताया कि बांई ओर गैर मजरुआ जमीन है। वहीं दाई ओर रेलवे की जमीन है। इस पर प्रशासक ने गैर मजरुआ जमीन की मापी करके पार्क बनाने का प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया है। उन्होंने मेकॉन स्टेडियम के पास स्थित सरकारी जमीन से खटाल व अतिक्रमण हटाने और निर्मला कॉलेज के पास ग्रीन पैच विकसित करने का निर्देश दिया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *