डीग जिले के पहाड़ी इलाके में ओवरलोड वाहन चलाने वालों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। घटना में DSP की गाड़ी के शीशे टूट गए साथ ही एसआई और कांस्टेबल घायल हो गए। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 6 लोगों को हिरासत में लिया है। ओवरलोड वाहन चालकों ने वाहन को छुड़ाने के लिए पुलिस पर पथराव किया था। DSP गिर्राज मीणा ने बताया की घटना कल देर शाम की है। पुलिस को पहाड़ी कस्बे में ओवरलोड वाहनों की वजह से जाम की सूचना मिली थी। सूचना पर थाने से गोपाल ASI पुलिस के जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके से जाम को खुलवाया और ओवरलोड डंपर को रोकने की कोशिश की लेकिन, ड्राइवर कामां की तरफ डंपर को लेकर भागने लगा। पुलिस ने डंपर का पीछा किया और सतवाड़ी और तिलकपुरी के बीच डंपर को पकड़ लिया। पुलिस जब ओवरलोड डंपर को लेकर पहाड़ी थाने लेकर आ रही थी। उस दौरान सतवाड़ी में ओवरलोड डंपर के मालिक और उसके रिश्तेदारों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। पथराव कर रहे लोगों ने डंपर को छुड़ाने की भी कोशिश की, पथराव की सूचना पर DSP गिर्राज मीणा पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। घटना में DSP की गाड़ी के शीशे टूट गए और दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। जिसके बाद पुलिस ने सभी पथराव करने वाले लोगों को खदेड़ा। मौके से 6 लोगों को हिरासत में लिया है। ASI गोपाल सिंह और कांस्टेबल मुकेश के चोट आई है।


