ओवरलोड वाहनों के चालान काटते वक्त वाहन ने मारी थी आरटीओ की गाड़ी को टक्कर

भास्कर न्यूज | अमृतसर पिछले दिनों वल्ला बाईपास के नजदीक बने फ्लाईओवर पर आरटीओ खुशदिल सिंह संधू ने नाका लगाया था कि एक तेज रफ्तार वाहन ने उनकी गाड़ी में टक्कर मार दी। टक्कर के दौरान उनका सिर गाड़ी के डैशबोर्ड पर लगा और उन्हें गंभीर चोटें आईं। घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां अब उनकी हालत में सुधार है। वहीं इस घटना का एक वीडियो बनाकर शख्स ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। सुखविंदर धीमान के फेसबुक पेज पर डाली गई वीडियो में युवक साफ बोलता हुआ नजर आ रहा है कि ‘चाढ़ता जे अमृतसर दा आरटीओ, करता जे एदा कम्म, वेख लओ सुट्ट देण लग्गे सी थल्ले’। वायरल वीडियो से साफ जाहिर है कि आरटीओ पर हमला किया गया था। फिलहाल मामले की शिकायत आरटीओ खुशदिल सिंह ने थाना वल्ला में कर दी है और पुलिस जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आरटीओ खुशदिल सिंह संधू ने बताया कि 13 जून को वल्ला के नजदीक फ्लाईओवर पर नाकाबंदी की थी। सुबह 6 बजे घर से निकले थे और 8 बजे के करीब जब करीब 8-9 चालान काट कर वापस जाने लगे तो देखा कि ओवरलोड वाहन वहां से गुजर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने अपने पीएसओ और ड्राइवर को कहकर अपनी गाड़ी रुकवाई और उन ओवरलोड वाहनों को रुकने का इशारा किया। इसी दौरान जब वह वाहन रोक लिए गए तो एक तेज रफ्तार गाड़ी आई और उनकी गाड़ी में टक्कर मार दी। टक्कर में वह घायल हो गए। उनके सिर पर चोट लगी। उन्हें उनके कर्मचारी तुरंत अस्पताल ले गए। आरटीओ खुशदिल सिंह का कहना है कि इस संबंधी उन्होंने थाना वल्ला में शिकायत की है। वहीं सोशल मीडिया पर वायरल हो रही वीडियो के बारे भी उन्होंने शिकायत की है कि उसकी जांच की जाए और बनती कार्रवाई की जाए। वहीं थाना वल्ला के प्रभारी हरप्रकाश सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आरटीओ के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। मामला दर्ज करके जल्द ही आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *