ओवैसी बोले- मोदी जी आतंकियों को उठाकर भारत लाओ:आपका 56 इंच का सीना, आप ट्रम्प से कम नहीं; वेनेजुएला राष्ट्रपति का उदाहरण दिया

AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने शनिवार को कहा कि हमने देखा कि वेनेजुएला में ट्रम्प अपनी फौज को भेजकर वहां के राष्ट्रपति को उठाकर अमेरिका ले गए। ऐसा ही कुछ भारत भी कर सकता है। ओवैसी ने पीएम मोदी का नाम लेकर कहा कि मोदी जी हम आपको कह रहे हैं कि 26/11 आतंकी हमले करने वाले चाहें वो मसूद अजहर हों या लश्कर ऐ तैयबा का जालिम शैतान। आपका (मोदी) 56 इंच का सीना हो तो उन्हें उठाकर भारत ले आओ। अगर ट्रम्प कर सकता है तो क्या आप कम हैं? जब वो कर सकते हैं तो आपको भी करना पड़ेगा क्योंकि मोदी ने कहा था अबकी बार ट्रम्प सरकार। ओवैसी ने ये बातें मुंबई में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहीं। AIMIM चीफ ने अपने बयान में वेनेजुएला का जिक्र इसलिए किया क्योंकि 3 जनवरी की रात अमेरिकी सैनिकों ने वेनेजुएला पर हमला कर राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सीलिया फ्लोरेस को पकड़ लिया। ओवैसी बोले- बांग्लादेश में मॉब लिंचिंग पर पीएम को गुस्सा आता है ओवैसी ने आगे कहा कि हम सुन रहे हैं कि एक बांग्लादेशी खिलाड़ी को क्रिकेट टीम से हटा दिया गया है। साथ ही, यह बार-बार कहा जाता है कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार हो रहा है। मैं कहीं भी अत्याचार को सही नहीं ठहराता। लेकिन मैं यह पूछना चाहता हूं, मोदी जी, जब बांग्लादेश में मॉब लिंचिंग होती है, तो आपको गुस्सा आता है। तो फिर जब महाराष्ट्र के जलगांव में एक बच्चे की हत्या हुई, तो आपने वही गुस्सा क्यों नहीं दिखाया?

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *