औद्योगिक ताकत को मिले नई पहचान, एमएमएफ पार्क के लिए तेज हुई पैरवी

भास्कर न्यूज | भीलवाड़ा टेक्सटाइल नगरी के रूप में पहचान बना चुके भीलवाड़ा के लिए अब मैन-मेड फाइबर (एमएमएफ) पार्क की मांग ने रफ्तार पकड़ ली है। सांसद दामोदर अग्रवाल ने केंद्र सरकार के समक्ष जिले में एमएमएफ पार्क स्थापित करने का प्रस्ताव रखते हुए इसे औद्योगिक दृष्टि से सबसे उपयुक्त स्थान बताया है। सांसद ने पिछले दिनों केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह से मुलाकात कर भीलवाड़ा के टेक्सटाइल सेक्टर की उपलब्धियों और संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि जिले में सिंथेटिक यार्न, सूटिंग-शर्टिंग और प्रोसेसिंग इकाइयों का मजबूत नेटवर्क पहले से मौजूद है। ऐसे में यदि एमएमएफ पार्क की स्थापना होती है तो यह मौजूदा उद्योगों के लिए ‘गेम चेंजर’ साबित हो सकता है। प्रस्ताव में यह भी उल्लेख किया गया कि केंद्र सरकार टेक्सटाइल सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए विशेष योजनाएं चला रही है। भीलवाड़ा को इस योजना में शामिल करने से स्थानीय उद्योगों को आधुनिक तकनीक, बेहतर आधारभूत ढांचा और निर्यात में प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त मिलेगी। सांसद ने यह तर्क भी रखा कि जिले में प्रशिक्षित श्रमिकों की उपलब्धता, विकसित औद्योगिक क्षेत्र और परिवहन सुविधाएं इसे एमएमएफ पार्क के लिए स्वाभाविक विकल्प बनाती हैं। उन्होंने केंद्र से शीघ्र सकारात्मक निर्णय की अपेक्षा जताई है। उद्योग संगठनों ने भी इस पहल को जिले के भविष्य के लिए अहम बताते हुए कहा है कि यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो भीलवाड़ा एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर औद्योगिक मानचित्र पर नई पहचान स्थापित करेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *