कंचनपुर थाना पुलिस ने 21 दिसंबर 2025 को हुई फायरिंग की घटना का खुलासा करते हुए चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार और एक बोलेरो गाड़ी भी बरामद की है। इस मामले में एक मुख्य आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। थानाधिकारी रामकिशन यादव के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने लगातार दबिश देकर आनंद कुमार, सुखा मुसलमान, आरिफ खान और कृष्ण कुमार उर्फ केके को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में एएसआई सोनवीर और कॉन्स्टेबल पूरणमल की अहम भूमिका रही। यह घटना 21 दिसंबर 2025 की शाम करीब 8 बजे कंचनपुर में हुई थी। राजेश पुत्र मुन्नालाल निवासी कंचनपुर के बयान पर थाना कंचनपुर में मामला दर्ज किया गया था। फायरिंग में राजेश के छोटे भाई महिपाल को गोली लगी थी। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों पक्षों के बीच जमीन बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने से पहले पार्टी का आयोजन किया और फिर योजनाबद्ध तरीके से फायरिंग की घटना को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी बृज कुमार अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।


