ग्वालियर बायपास पर मेहरा टोल के पास दिल्ली की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार कंटेनर ने आगे जा रहे ई-बाइक सवार बुजुर्ग को रौंद दिया। टक्कर से सड़क पर गिरे बुजुर्ग के सीने से कंटेनर का पहिया गुजर गया। हादसे में बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। बुजुर्ग बाजार से खरीदारी कर हरी खेड़ा स्थित अपने चाय के होटल पर जा रहा था। घटना आगरा-ग्वालियर-झांसी हाईवे पर सोमवार की रात 8 बजे की है। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और सिरोल थाना पुलिस घटना स्थल पर पहुंच गए। जबकि हादसे के लिए जिम्मेदार कंटेनर को चालक भगाता हुआ फरार हो गया। पुलिस ने शव को निगरानी में लेकर डेड हाउस में रखवा दिया है। मंगलवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। साथ ही आरोपी कंटेनर चालक पर मामला दर्ज कर लिया है।
ग्वालियर के मुरार मोहनपुर निवासी 65 वर्षीय बलवीर सिंह यादव आगरा-ग्वालियर-झांसी हाईवे पर मेहरा टोल के पास हरीखेड़ा मोड़ पर उनका चाय का होटल है। सोमवार शाम को बलवीर होटल पर बेटे दीपक को छोड़कर बाजार में होटल का कुछ सामान खरीदने गए थे। सामान खरीदने के बाद वह मोहनपुर आए और उसके बाद रात को वह अपनी ई-बाइक से होटल जाने के लिए निकले थे। अभी वह हाईवे पर सिरोल स्थिम मेहरा टोल पार करके हरीखेड़ा मोड़ की तरफ जा रहे थे कि तभी पीछे से कंटेनर रजिस्ट्रेशन क्रमांक NL01 AF-7239 के चालक के द्वारा अपने कंटेनर को तेजी व लापरवाही पूर्वक चलाकर बलवीर की ई-बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बुजुर्ग ई-बाइक पर से सिर के बल सड़क पर गिरा और कंटेनर का पहिया उसके ऊपर से निकल गया। घटना का पता चलते ही पास ही चाय के होटल से बलवीर का बेटा घटना स्थल पर पहुंचा, लेकिन कंटेनर का पहिया सीने के ऊपर से निकलने के चलते मौके पर ही उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया। टीआई सिरोल थाना गोविंद बागोली ने बताया- सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई है। फिलहाल शव को डेड हाउस में रखवा दिया है। आरोपी वाहन चालक की तलाश की जा रही है।


