भास्कर न्यूज| लुधियाना श्री सिद्ध पीठ श्री दंडी स्वामी मंदिर में चल रहा 62वां ऋषि पंचमी महोत्सव भक्तिमय वातावरण में प्रवेश कर गया है। महोत्सव श्री दंडी स्वामी महाराज जी की कृपा, भजन सम्राट पं. जगदीश चंद्र कोमल जी के आशीर्वाद और पं. राजकुमार शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हो रहा है। बुधवार को सुबह यज्ञ शाला में महाराज की आज्ञा से पूजन और वेद मंत्रों के साथ हवन यज्ञ संपन्न हुआ। इस अवसर पर हलका नॉर्थ के विधायक चौधरी मदन लाल बग्गा ने आशीर्वाद लिया। इसके बाद हरिनाम संकीर्तन का चौथा सत्र हुआ, जिसमें श्री धाम वृंदावन से पधारे रसिक संत बाबा श्री चित्र विचित्र बिहारी दास महाराज जी ने भजनों की अमृत वर्षा की। उनके भजनों असीं ते सारे जग नू भुलाया हे श्यामा एक तेरे करके…, मेरे दो आधार राधा रानी के चरणार विंध…, नाम मेरी राधा रानी का जिस-जिस ने गाया है… और श्री राधा कुंज बिहारी नंदलाल मेरो प्यारो मोहन… ने वातावरण को श्री वृंदावन धाम में बदल दिया। श्रद्धालु भावविभोर होकर भक्ति में डूब गए। इस अवसर पर पं. राजकुमार शर्मा ने बाबा श्री चित्र विचित्र बिहारी दास महाराज जी को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि महाराज अपने गुरुदेव की आज्ञा का पालन करते हुए आज भी भजनों से भक्तों को मंत्रमुग्ध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके कंठ से निकली वाणी ठाकुर जी से जोड़ने का माध्यम है। उन्होंने बताया कि बाबा जी और उनके गुरुदेव दोनों ही बिहारी जी के परम भक्त हैं और भजनों के माध्यम से भक्ति रस का प्रसार करते हैं। महोत्सव का समापन वीरवार, 28 अगस्त को होगा। इस दिन प्रात: हवन यज्ञ की पूर्णाहुति होगी। इसके बाद श्री दंडी स्वामी महाराज जी का अभिषेक पूजन किया जाएगा। भंडारे और संकीर्तन के साथ ऋषि पंचमी महोत्सव संपन्न होगा। इसके साथ ही मंदिर प्रबंधन ने बताया कि महोत्सव के बाद 30 अगस्त से 4 सितंबर तक प्रतिदिन सायं 6 से 8.30 बजे तक श्री भक्तमाल कथा का आयोजन होगा। इसमें कथा व्यास परम पूज्य गोवत्स श्री राधा कृष्ण जी महाराज विशेष रूप से पधारेंगे और हरि भक्ति का संदेश देंगे। संकीर्तन करते चित्र विचित्र जी।


