भास्कर न्यूज | बोरसी कंडरका चौकी क्षेत्र के अंतर्गत गांवों में चोरी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। पुलिस चोरी के आरोपियों को पकड़ने में नाकाम है। ऐसे में लोग अब थाना जाकर एफआईआर तक दर्ज करने से कतराने लगे है। कुछ दिन पहले ही गांव के भोला राम साहू मकान का ताला तोड़कर नगदी एवं जेवरों की चोरी की गई। चोरी के बढ़ते मामलों पर कार्यवाही की मांग को लेकर ग्राम गुधेली वासियों ने कुछ ही दिन पूर्व कंडरका चौकी प्रभारी कंवल सिंह नेताम को ज्ञापन भी सौपा था। ग्राम गुधेली निवासी पलट राम साहू ने बताया कि शनिवार की रात को पीतल के 10 नग स्प्रिंकलर की चोरी हुई है। पिछले साल भी 14 नग स्प्रिंकलर की चोरी हुई थी, रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिली। ट्रैक्टर से बैटरी की भी चोरी हुई थी। मामलों पर कार्यवाही नहीं होने की वजह से अभी तक एफआईआर नहीं दर्ज कराया गया है। नर्सिंग परगनिहा ने बताया कि शनिवार को ही खेत में लगे, 9 नग स्प्रिंकलर की चोरी कर ली गई है। वहीं दो अन्य किसानों के खेत से केबल की चोरी भी हुई है। ग्राम कोहड़िया निवासी अजय वर्मा ने बताया कि ट्रक से दो बैटरी की चोरी हुई थी। इसके अलावा सोमवार 7 जनवरी की रात को गुधेली के शासकीय उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय का ताला तोड़कर प्रोजेक्टर का सेट चोरी किया गया है। जो कि स्कूल में लगे सीसी कैमरे में दिखाई दे रहा है। घरों से बकरी चुरा ले गए ग्राम सिलघट के अश्वनी वर्मा के फार्महाउस में अज्ञात चोरों ने फार्म हाउस में रखे, लाल रंग की मिक्सर मशीन चोरी कर ली गई है। जिसकी लागत 1.20 लाख रुपये की थी। साथ ही गांव के ही बरातू यादव के घर से 11 बकरी एवं रामजी निषाद के घर से 9 बकरी की चोरी हुई है। अज्ञात चोर ने ताला तोड़कर चारपहिया वाहन में भरकर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया। दोनों घटना पर कंडरका चौकी में एफआईआर दर्ज कराई गई। चौकी प्रभारी कंवल सिंह नेताम ने बताया कि ग्राम गुधेली एवं ग्राम सिलघट में हुई चोरी की जांच की जा रही है। घटना स्थल के आसपास के सीसी टीवी कैमरे की फुटेज का निरीक्षण कर चोर की पतासाजी की जा रही है।


