कंधवार में 20 दिन बाद लगा नया ट्रांसफार्मर:53 परिवार हो रहे थे परेशान, सिंचाई तक नहीं कर पाए किसान

सीधी जिले के रामपुर नैकिन जनपद के ग्राम कंधवार में ग्रामीणों की लंबी प्रतीक्षा के बाद गुरुवार को नया 25 केवीए का ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया गया है। यह ट्रांसफार्मर पिछले 20 दिनों से खराब पड़ा हुआ था, जिससे गांव के 53 घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी। इस दौरान ग्रामीणों को केवल एक फेज से बिजली मिल पा रही थी, जिससे खेती-किसानी का काम और घरेलू आवश्यकताएँ पूरी नहीं हो पा रही थीं। ग्रामीण महेश पांडे ने बताया कि ट्रांसफार्मर खराब होने की वजह से उनकी खेती सूख गई थी, क्योंकि फसल को पानी की सबसे ज्यादा आवश्यकता थी। उन्होंने कहा कि कई बार शिकायत करने के बाद विभाग ने नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराया है। विद्युत विभाग रामपुर नैकिन के जेई सत्य प्रकाश शाह ने जानकारी देते हुए कहा कि ग्रामीणों की शिकायत पर जांच की गई थी। जांच में पाया गया कि पुराना ट्रांसफार्मर पूरी तरह से जल चुका है। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र लिखकर अवगत कराया गया और नए ट्रांसफार्मर की मांग की गई। विभाग को 25 केवीए का नया ट्रांसफार्मर प्राप्त हो गया है, जिसे आउटसोर्स कर्मचारियों की मदद से लगाया जा रहा है। शाह ने आगे बताया कि शाम तक ट्रांसफार्मर का इंस्टॉलेशन कार्य पूरा कर लिया जाएगा और गांव में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कर दी जाएगी। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि भविष्य में ऐसी समस्या न हो, इसके लिए विभाग पूरी तरह से सतर्क रहेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *