भास्कर न्यूज | दंतेवाड़ा केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की दंतेवाड़ा में आयोजित होने वाली सभा में शामिल होने पोटाली से आ रही ग्रामीणों से भरी पिकअप पालनार के पास रास्ते में पलट गई। हादसे में 42 ग्रामीण घायल हो गए, जिनमें 11 की हालत गंभीर है। हादसा इतना भयानक था कि कई यात्रियों की अंगुलियां तक कटकर अलग हो गईं। घायलों को कुआकोंडा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती किया गया है। वहीं कुछ का पालनार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज चल रहा है। पोटाली और समेली से करीब 50 से ज्यादा ग्रामीण पिकअप से सवार होकर दंतेवाड़ा आ रहे थे। कार्यक्रम में शामिल होने की हड़बड़ी के चलते पिकअप तेज रफ्तार से दंतेवाड़ा जा रही थी। इसी बीच पालनार के पास अचानक पिकअप का नियंत्रण बिगड़ गया और अनियंत्रित होकर पिकअप सड़क पर ही पलट गई। हादसे में 42 ग्रामीण घायल हो गए, जिनमें 11 को गंभीर चोटें आ गई हैं। हादसे में गंभीर 11 मरीजों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया है। मालूम हो कि राजनीतिक व सरकारी कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों को मालवाहक गाड़ियों में ठूंस-ठूंसकर लाया जाता है। ऐसे ही संभागस्तरीय बस्तर पंडुम के समापन में भी भीड़ बढ़ाने ग्रामीणों को लाया जा रहा था। शनिवार को भी केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के कार्यक्रम के लिए ग्रामीणों को पोटाली व समेली के ग्रामीणों को पिकअप से लाया जा रहा था। दंतेवाड़ा। हादसे में रास्ते पर पलटा पड़ा पिकअप।


