कक्षा 12वीं के छात्रों का विदाई समारोह हुआ, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ बांटे पुरस्कार

भास्कर न्यूज | अंबिकापुर होली क्रॉस कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल अंग्रेजी माध्यम में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों का विदाई समारोह भव्यता और हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रांगण में कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों द्वारा कक्षा 12वीं के छात्रों का तिलक और पुष्प वर्षा कर स्वागत करने से हुआ। इसके बाद कक्षा 12वीं के सभी छात्रों को सम्मानपूर्वक स्थान ग्रहण कराया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आरंभ से पहले प्राचार्य डॉ. सि. जेस्सी और प्रधानपाठिका सि. लिजी, वरिष्ठ शिक्षक और कक्षा प्रतिनिधियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। स्वागत उद्बोधन छात्रा अम्बिका सिंह ने किया और इसके बाद रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन हुआ, जिसमें नृत्य, गीत और अन्य प्रदर्शन शामिल थे। विद्यार्थियों को उनके विद्यालयीन जीवन को यादगार बनाने प्रतीक चिन्ह भेंट किए। प्राचार्य ने अपने संबोधन में छात्रों को जीवन में आने वाली चुनौतियों का सामना ईमानदारी, समर्पण और समय की पाबंदी के साथ करने की प्रेरणा दी। उन्होंने बोर्ड परीक्षा और भविष्य में सफलता की शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों से कहा कि सही दिशा और परिश्रम से हर ऊंचाई हासिल की जा सकती है। सम्मान समारोह में विभिन्न खिताबों और पुरस्कारों से छात्रों को सम्मानित किया गया। मिस्टर होली क्रॉस का खिताब वेदस्व सोनी, मिस होली क्रॉस का खिताब भावी जैन को मिला। वर्ष का सर्वश्रेष्ठ छात्रा का खिताब अन्वेषा सिन्हा, इंटेलेक्चुअल आइकन अक्षत नाहर, वर्ष का अनुशासित विद्यार्थी अर्शिता साहा, वर्ष का सक्रिय छात्र नियति सिंह सिसोदिया और मोक्षित साहू और द विकन ऑफ ड्यूटी का खिताब इशिका गोयल को प्रदान किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने लजीज भोजन का आनंद लिया और विदाई लेकर अपने घरों को प्रस्थान किया। यह समारोह न केवल विद्यार्थियों के लिए यादगार रहा, बल्कि विद्यालय परिवार और अभिभावकों के लिए भी गौरवपूर्ण पल साबित हुआ।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *