भास्कर संवाददाता | रायसेन जिले में शुक्रवार से ओलंपियाड परीक्षा शुरू हुई। कक्षा 2 से 8वीं तक के 4480 विद्यार्थियों ने इसमें भाग लिया। राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा आयोजित यह परीक्षा बच्चों की शैक्षणिक योग्यता के आकलन और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से कराई जा रही है।परीक्षा पहले दिन तीन शिफ्टों में हुई, जबकि दूसरे दिन शनिवार को चार शिफ्टों में कराई जा रही है। विद्यार्थियों ने ओएमआर शीट पर प्रश्न हल किए। परीक्षा केंद्रों पर बच्चों के लिए भोजन, पेयजल और आवागमन की व्यवस्था की गई थी। सागर रोड स्थित शासकीय आदर्श कन्या स्कूल को प्रमुख केंद्र बनाया गया। जिले के अन्य केंद्रों पर भी परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। छात्रवृत्ति का योजनाओं का मिलेगा लाभ: एपीसी विनीत दीक्षित और शिक्षक सूर्य प्रकाश सक्सेना ने बताया कि यह परीक्षा फिलहाल जिला स्तर पर आयोजित की जा रही है। परीक्षा में सफल विद्यार्थियों को राज्य स्तरीय ओलंपियाड में शामिल होने का मौका मिलेगा। वहां चयनित छात्रों को छात्रवृत्ति सहित शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। जिले के विकासखंडों से शामिल विद्यार्थियों में बाड़ी से 576, बेगमगंज से 576, गैरतगंज से 512, औबेदुल्लागंज से 704, सांची से 896, सिलवानी से 640 और उदयपुरा से 576 छात्र-छात्राएं शामिल रहे। भास्कर नॉलेज छोटी उम्र में बड़ी परीक्षाओं की तैयारी ओलंपियाड ओलंपियाड परीक्षा मध्यप्रदेश राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित की जाती है। कक्षा 2 से 8वीं तक के विद्यार्थी तीन स्तर पर ओएमआर शीट आधारित बहुविकल्पीय परीक्षा देते हैं। इसमें हिंदी, अंग्रेजी, गणित और विज्ञान जैसे विषय शामिल होते हैं। राज्य स्तर पर चयनित छात्रों को छात्रवृत्ति, मेडल और प्रमाण पत्र मिलते हैं।


