कक्षा 8वीं तक के विद्यार्थियों का दो दिन अवकाश, कलेक्टर ने जारी किए आदेश

भास्कर न्यूज| जैसलमेर/ पोकरण जैसलमेर में देर से आई सर्दी ने अब लोगों को ठिठुरा दिया है। मंगलवार की रात इस सीजन की सबसे ठंडी रात रही। सीजन में पहली बार रात का पारा 6 डिग्री पर पहुंच गया। इससे पहले 2 जनवरी को रात का पारा 7.7 डिग्री रहा था। जबकि बुधवार को दिन भी इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। अधिकतम तापमान 19 डिग्री पर पहुंच गया। बुधवार को लगातार दूसरे दिन जैसलमेर शहर सहित आसपास के कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। पोकरण में उतरी भारत में पश्चिमी विक्षोभ का सीधा असर देखने को मिल रहा है। घना कोहरा छाने से बुधवार को सुबह 10 बजे तक अंधेरा ही छाया रहा और सड़कों पर चलने वाले वाहन विजिबिलिटी कम होने के कारण रंेगते हुए आगे बढ़ते दिखाई दिए। अब कलेक्टर ने भी स्कूलों में अवकाश की घोषणा की है। जैसलमेर | कड़ाके की सर्दी के मद्देनजर कलेक्टर प्रतापसिंह ने बुधवार को आदेश जारी किया है। इसके तहत जिले की सभी सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों में नर्सरी से कक्षा आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए 8 से 10 जनवरी तक अवकाश घोषित किया गया है। जारी आदेश के अनुसार 10 जनवरी तक जिले के सभी सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों के साथ साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में भी कक्षा आठवीं तक के छात्रों के लिए अवकाश रहेगा। हालांकि कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए स्कूल का समय 12 जनवरी तक सुबह 10 बजे से दोपहर 4 बजे तक निर्धारित किया गया है। बोर्ड प्रायोगिक परीक्षा 2026 अपने पूर्ववत निर्धारित विभागीय समय अनुसार संचालित होगी। सरकारी स्कूलों के कर्मचारियों और अध्यापकों को निर्धारित समय पर अपनी उपस्थिति दर्ज करानी होगी। आदेश की अवहेलना करने पर विद्यालयों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। हालांकि 6 जनवरी को प्रदेश के कई जिलों में कलेक्टर की तरफ से सर्दी को लेकर अवकाश घोषित कर दिया था, लेकिन जैसलमेर जिले में घोषणा नहीं की गई थी। इस वजह से बुधवार सुबह कड़कड़ाती ठंड में बच्चे स्कूल जाते नजर आए। बढ़ी हुई सर्दी को देखते हुए कलेक्टर गुरुवार व शुक्रवार को अवकाश की घोषणा की है। दो दिन से तापमान में चल रही गिरावट से पारा अब सामान्य से नीचे पहुंच चुका है। जिससे सर्दी तेज हो चुकी है। बुधवार को दिन व रात के पारे में 2- 2 डिग्री की गिरावट हुई। दिन का पारा सामान्य से 2.9 डिग्री नीचे रहा। जबकि रात का पारा सामान्य से 1.8 डिग्री कम रहा। अधिकतम तापमान 19.4 डिग्री व न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री दर्ज किया गया। दिन व रात के पारे में 13 डिग्री का अंतर रहा। जैसलमेर में गुरुवार व शुक्रवार को भी कोहरा छाने की संभावना है। सर्दी का असर तेज होने व कोहरा छाने से रबी फसलों को फायदा होगा। पिछले दिनों हुई बारिश से कुछ इलाकों में जीरा फसलों में झुलसा रोग लगा है। झुलसा रोग से जीरा फसल को बचाने के लिए किसान टेबुकोनाजोल का स्प्रे कर सकते हैं। तापमान में गिरावट से चना, सरसों, जीरा, गेहूं व इसबगोल की फसलों को फायदा होगा। खेतों में पर्याप्त नमी बनी रहेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *