कटनी शहर से कचरा उठाव करने वाले एमएसडब्ल्यू के वाहन में मलवा ले जाने की शिकायत पर नगर निगम कमिश्नर ने जुर्माना कार्रवाई की चेतावनी दी है। उन्होंने सोमवार को एमएसडब्ल्यू के मैनेजर को नोटिस जारी कर 48 घंटे के अंदर जवाब तलब किया है। नगर निगम आयुक्त नीलेश दुबे ने बताया कि 19 दिसंबर को पार्षद मिथलेश जैन ने नोडल अधिकारी को सूचना दी कि कटनी एमएसडब्ल्यू का वाहन कचरे के बजाय पत्थर, मलवा ढोकर प्लांट ले जा रहा है। सूचना पर नोडल अधिकारी, स्वतंत्र इंजीनियर युगल दुबे, कटनी एमएसडब्ल्यू मैनेजमेंट प्रायवेट लिमिटेड की ओर से सीएनटी इंचार्ज जुबेद खान वहां पर पहुंचे। निरीक्षण में पाया कि दुगाडी नाला के पास, कृषि विभाग कार्यालय के सामने कंपनी के ट्रक में मलवा-पत्थर भरे हैं। स्थल पर पंचनामा भी तैयार कराया गया है। इस संबंध में स्वतंत्र इंजीनियर और सीएनटी इंचार्ज जुबेद खान ने बताया कि ट्रक के चालक गोपाल कुमार चकवर्ती, हेल्पर शजलील बक्स कृषि उपज मंडी से मलवा भरकर ले जा रहे थे। मलवा को प्लांट के गेट पर बने को भरने के लिए ले जाया जा रहा था। एमएसडब्ल्यू मैनेजमेंट से किए गए अनुबंध अनुसार संबंधित कंपनी को वाहन में योजना क्षेत्र से सिर्फ ठोस अपशिष्ट का ही संग्रहण कर परिवहन करने का प्रावधान है, जबकि वाहन में मलवा पत्थर का परिवहन किया जाना पाया गया। अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन करने पर एमएसडब्ल्यू प्रबंधक को नोटिस जारी कर 24 घंटे में जवाब मांगा गया है। जवाब नहीं देने पर कंपनी के खिलाफ अधिकतम जुर्माना लगाने की कार्रवाई की जाएगी।


