टीकमगढ़ जिले के जतारा नगर परिषद में शनिवार को मृत गोवंश को कचरा वाहन में ले जाने का मामला सामने आया है। इस घटना पर मानव अधिकार संगठन और बजरंग दल ने कड़ी आपत्ति जताई है, इसे गोवंश का अपमान बताया गया है। दरअसल, पिछले एक सप्ताह से जिले में शीतलहर का प्रकोप जारी है। कड़ाके की ठंड के कारण सड़कों पर घूम रहे निराश्रित गोवंश की मौत हो रही है। इसी क्रम में, आज जतारा नगर परिषद के मुख्य बाजार में एक गोवंश मृत पाया गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर नगर परिषद के सफाई कर्मचारी मौके पर पहुंचे और मृत गोवंश को कचरा वाहन में डालकर ले गए। घटना का वीडियो सामने आने के बाद हिंदूवादी संगठनों ने इस पर विरोध व्यक्त किया। बजरंग दल के जिला संयोजक नीलेश उठमालिया ने इसे गोवंश का अपमान बताया। उन्होंने कहा कि नगर पालिका सहित सभी नगर परिषदों में मृत गोवंश के लिए अलग वाहन की व्यवस्था होती है। कचरे के साथ मृत गोवंश को ले जाना हिंदुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ है। इस मामले में नगर परिषद जतारा के सीएमओ पदम जैन से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। वहीं, नगर परिषद अध्यक्ष अनुराग रामजी नायक ने कहा कि मृत गोवंश को उठाने के लिए अलग वाहन उपलब्ध है। यदि कचरा वाहन का उपयोग किया गया है, तो इस मामले की जांच कराई जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी गलती न हो।


