कटनी जिला अस्पताल में मरीज को 15 दिनों तक भर्ती रखा गया, लेकिन जब ऑपरेशन की बारी आई तो उसे बिना इलाज किए ही घर भेज दिया गया। मरीज का सीधा आरोप है कि अस्पताल वालों ने सामान न होने का बहाना बनाकर उसे बाहर कर दिया। भट्टा मोहल्ला के रहने वाले बबलू सिंह ठाकुर हर्निया की बीमारी से परेशान हैं। ऑपरेशन की उम्मीद में वे पिछले दो हफ्तों से अस्पताल के बिस्तर पर पड़े थे और अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। सोमवार को जब उनके ऑपरेशन का समय आया, तो डॉक्टरों ने हाथ खड़े कर दिए। बबलू का कहना है कि डॉक्टरों ने उनसे कह दिया कि ऑपरेशन का जरूरी सामान ही नहीं है, इसलिए अब वे घर चले जाएं। साहब बोले- सामान तो पूरा है, जांच कराएंगे इस मामले पर जब अस्पताल के बड़े डॉक्टर (प्रभारी सिविल सर्जन) राजेंद्र सिंह से बात की गई, तो उन्होंने अलग ही बात कही। उनका कहना है कि अस्पताल में सामान की कोई कमी नहीं है और मरीज का ऑपरेशन होना ही था। उन्होंने भरोसा दिलाया है कि वे इस बात की जांच करवाएंगे कि आखिर किन वजहों से मरीज को बिना ऑपरेशन के छुट्टी दी गई और इसके लिए कौन जिम्मेदार है।


