कटनी जिला अस्पताल से एक महिला मरीज का वीडियो सामने आया है, जिसमें वह ठंड से बचने के लिए कंबल के बजाय प्लास्टिक की बोरियां ओढ़े दिख रही है। यह घटना रविवार शाम की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, यह महिला मरीज 6 फरवरी को कोतवाली थाने के सामने एक अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हुई थी। दुर्घटना में उसके पैरों में चोटें आई थीं। राहगीरों ने उसे कटनी जिला अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां उसका इलाज चल रहा है। अस्पताल के जनरल वार्ड में भर्ती इस महिला ने ठंड से बचाव के लिए प्लास्टिक की खाली बोरियों का इस्तेमाल किया। बोरियां ओढ़े महिला का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। नहीं ले रही कंबल इस मामले में वार्ड के नर्स स्टाफ ने बताया कि महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं लग रही थी। उसने अपना नाम-पता बताने से इनकार कर दिया था। स्टाफ के अनुसार, महिला को कंबल दिया गया था, लेकिन उसने उसे फेंक दिया था। हालांकि, स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि मरीज की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी, तो अस्पताल प्रबंधन को उसकी उचित देखरेख सुनिश्चित करनी चाहिए थी।


