कटनी कलेक्टर आशीष तिवारी ने शनिवार को बड़वारा तहसील क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य को समय पर पूरा करने वाले बीएलओ को सम्मानित किया। इसके बाद उन्होंने जवाहर नवोदय विद्यालय, बड़वारा में बैठक की अध्यक्षता की। पथवारी ग्राम के मतदाता क्रमांक 46 की बीएलओ देववती मरावी, सुपरवाइजर विनोद सिंह, सहायक बीएलओ मिथिलेश पुरी गोस्वामी और उनकी पूरी टीम को शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण करने पर पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया। कलेक्टर ने पूरी टीम के कार्य की सराहना की। पीएमश्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय बड़वारा की प्रबंधन समिति एवं विद्यालय सलाहकार समिति की बैठक में कलेक्टर तिवारी ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य हित के लिए निर्देश दिए। उन्होंने नियमित मेडिकल जांच करवाने और मच्छर एवं अन्य कीड़ों से बचाव के लिए दवा का छिड़काव सुनिश्चित करने को कहा। इन कार्यों की समीक्षा हुई बैठक में कलेक्टर तिवारी ने पूर्व में हुई प्रबंधन समिति एवं विद्यालय सलाहकार समिति की बैठक में लिए गए निर्णयों और उनके पालन की समीक्षा की। आगामी 13 दिसंबर को होने वाली जवाहर नवोदय विद्यालय चयन प्रवेश परीक्षा के संबंध में भी चर्चा हुई। यह परीक्षा कक्षा-6वीं में प्रवेश के लिए जिले के 19 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी, जिसकी पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, कलेक्टर ने 11 केवी विद्युत लाइन को विद्यालय परिसर से अन्यत्र स्थानांतरित करने, नल-जल योजना के तहत पेयजल सुविधा हेतु पीएचई को हैंडपंप उपलब्ध करवाने, कक्षाओं के संचालन के लिए कक्ष का निर्माण, खेल मैदान में रनिंग ट्रैक और मनरेगा से खेल मैदान के समतलीकरण हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया। विद्यालय परिसर के अंदर और परिसर से मुख्य बड़वारा मार्ग तक सड़क निर्माण कराने तथा दिन-प्रतिदिन के कचरे के निपटान हेतु बड़वारा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को समुचित व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए।


