कटनी जिले के बरही नगर में सोमवार को एक 25 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका मिला। मृतक की पहचान बरही वार्ड 13 निवासी गुरु कोल के रूप में हुई है। पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। गुरु कोल अपने माता-पिता और तीन बहनों के साथ रहता था। वह अपने भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था, जिसमें एक बड़ी बहन और दो छोटी बहनें शामिल हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। एडिशनल एसपी संतोष डेहरिया ने बताया कि घटना के दिन गुरु के माता-पिता ईंट-भट्टे पर काम के लिए गए हुए थे। घर पर गुरु अपनी छोटी बहन के साथ था। गुरु को एक फोन आया, जिसके बाद वह घर से बाहर चला गया। सोमवार सुबह जब परिजन ईंट-भट्टा पहुंचे, तभी उन्हें गुरु का शव पेड़ पर लटका होने की जानकारी मिली। पुलिस को घटनास्थल से कुछ महत्वपूर्ण चीजें मिली हैं, जिनमें गुरु का मोबाइल फोन और उसकी बाइक की चाबी शामिल हैं। हालांकि, गुरु के गले में बंधा मफलर उसका अपना था या किसी और का, इस पर पुलिस ने अभी स्थिति स्पष्ट नहीं की है। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर पंचनामा तैयार किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके। एडिशनल एसपी संतोष डेहरिया ने बताया कि पुलिस इस मामले में किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों ही एंगल से मामले की गहन जांच कर रही है।


