कटनी में खेत की फेंसिंग में फंसा दिखा तेंदुआ:बांधवगढ़ से बुलाई गई रेस्क्यू टीम,

कटनी की विजयराघवगढ़ विधानसभा के अंतर्गत आने वाले ग्राम दरौडी में गुरुवार को एक तेंदुआ खेत की लोहे की फेंसिंग में फंसा हुआ पाया गया। इस घटना की खबर तेजी से पूरे इलाके में फैल गई, जिसके बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। वन विभाग की टीम ने स्थिति को संभालते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। जानकारी के अनुसार, तेंदुआ संभवतः शिकार की तलाश में या रास्ता भटक कर खेत की ओर आया था। यहां वह लोहे के कटीले तारों में बुरी तरह उलझ गया। चश्मदीदों ने बताया कि खुद को छुड़ाने की कोशिश में तेंदुआ लहूलुहान भी हुआ है। तार में फंसे होने के कारण तेंदुआ काफी आक्रामक स्थिति में है, जिससे क्षेत्र में सतर्कता का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही विजयराघवगढ़ और बड़वारा वन अमला तत्काल मौके पर पहुंचा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई है। वन अधिकारियों ने बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की विशेषज्ञ रेस्क्यू टीम को तुरंत सूचित किया है। वन विभाग ने घटनास्थल के 500 मीटर के दायरे में किसी भी ग्रामीण के जाने पर प्रतिबंध लगा दिया है। बांधवगढ़ की टीम तेंदुए को ‘ट्रेंकुलाइज’ कर सुरक्षित तरीके से बाहर निकालेगी। रेस्क्यू के बाद तेंदुए का मेडिकल परीक्षण किया जाएगा और स्वस्थ होने पर उसे वापस सुरक्षित जंगलों में छोड़ा जाएगा। वन विभाग ने ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि तेंदुआ फेंसिंग से अचानक छूट जाता है, तो वह हिंसक हमला कर सकता है। विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे घटनास्थल के आसपास भीड़ न लगाएं और शोर न मचाएं। इसके अतिरिक्त, वन विभाग ने लोगों को खेतों और खुले इलाकों में अकेले जाने से बचने की सलाह दी है। साथ ही, अपने बच्चों और पालतू मवेशियों को सुरक्षित और बंद स्थानों पर रखने का आग्रह किया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *