कटनी के ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को साफ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर ने सभी जनपद पंचायतों के अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। यह निर्देश पत्र के माध्यम से दिए गए हैं, ताकि गांवों में पेयजल की स्वच्छता बनी रहे। हैंडपंप और टंकियों की नियमित सफाई करें सीईओ ने निर्देश दिए हैं कि सभी ग्राम पंचायतों में हैंडपंपों के आसपास नियमित सफाई कराई जाए और वहां ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया जाए। इसके साथ ही गांवों में बनी पानी की ऊंची टंकियों और संपवेल की भी समय-समय पर सफाई की जाए। सफाई की तारीख टंकी पर लिखने के भी निर्देश दिए गए हैं। पाइपलाइन लीकेज तुरंत ठीक करने के आदेश सीईओ ने जनपद पंचायतों को लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के साथ तालमेल बनाकर काम करने को कहा है। जल जीवन मिशन के तहत बिछाई गई पाइपलाइनों में कहीं भी लीकेज हो तो उसे तुरंत ठीक कराने के निर्देश दिए गए हैं। पानी की जांच अनिवार्य ग्राम पंचायतों को उपलब्ध एफटी किट से पानी की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि जांच में किसी तरह की गड़बड़ी सामने आती है, तो इसकी जानकारी तुरंत लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को दी जाए। शिकायत के लिए जारी किया नंबर पेयजल से जुड़ी किसी भी समस्या की शिकायत के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा जिला स्तरीय कंट्रोल रूम का नंबर 07622-225752 जारी किया गया है। आम नागरिक इस नंबर पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। निर्देशों के पालन पर सख्ती जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर ने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देशों का सख्ती से पालन करने के आदेश दिए हैं।


