कट्टा लहराते रील बनाने वाला युवक गिरफ्तार:पन्ना में पुलिस ने सोशल मीडिया ‘डॉन’ को जेल भेजा, अवैध हथियार बरामद

पन्ना जिले में सोशल मीडिया पर ‘लाइक’ और ‘फॉलोअर्स’ के लिए अवैध हथियार लहराने का एक मामला सामने आया है। पुलिस ने अवैध कट्टा लेकर रील बनाने वाले एक युवक को गिरफ्तार कर उसका ‘नशा’ उतार दिया। आरोपी की पहचान ककरहटी निवासी रिंकू यादव (21 वर्ष) के रूप में हुई है। वह पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर अवैध हथियार लहराते हुए वीडियो पोस्ट कर रहा था, जिससे इलाके में दहशत फैल रही थी। युवक को लग रहा था कि वह कानून की पकड़ से दूर है, लेकिन उसकी यही रील उसकी गिरफ्तारी का मुख्य सबूत बन गई। देवेन्द्रनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम अमचुई मोड़ पर एक युवक अवैध कट्टा लेकर किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना पर चौकी प्रभारी सोनम शर्मा के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से एक 12 बोर का अवैध देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। थाना प्रभारी संतोष सिंह यादव ने बताया कि इस कार्रवाई से यह स्पष्ट हो गया है कि पन्ना में सड़कों या सोशल मीडिया पर कानून का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने चेतावनी दी है कि “हथियार हाथ में हो या रील में, सलाखें वही रहेंगी।”

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *