ग्वालियर के लाल टिपारा में बिजली की लाइन काटने पर दो पक्षों में झगड़ा हो गया। स्थानीय लोगों ने बिजली की लाइन काटने वालों से मारपीट कर दी। जवाब में कुछ देर बाद पिटने वाले भी कुछ बदमाश लेकर लौटे और मारपीट कर गोलीबारी की है। दोनों पक्षों ने एक दूसरे को कट्टे के बट से पीटा है और गोलियां चलाई हैं। एक कार में भी तोड़फोड़ की है। हमलावर, गैंगस्टर कपिल यादव के साथी बताए गए हैं।
घटना शनिवार दोपहर शहर के मुरार लाल टिपारा गोशाला के पास की है। सूचना मिलते ही पुलिस वहां पहुंची और कट्टा व कारतूस भी बरामद किए हैं। पुलिस ने दोनों ओर से घायलों का मेडिकल कराया है। मुरार थाना स्थित लाल टिपारा इलाके में रहने वाले रवि शर्मा, अंकुर शर्मा, दिनेश पाल शनिवार दोपहर खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। तभी वहां बिजली की लाइन काटने के लिए विभाग के आउटसोर्स पर काम करने वाले कुछ लोग पहुंचे। यहां बार-बार लाइन काटने को लेकर बहसबाजी हुई और रवि व अंकुर ने मारपीट कर दी।
कुछ देर बाद बड़ागांव निवासी सुमित यादव, नितिन यादव, आशिफ खान वहां पहुंचे। इसके बाद दोनों पक्षों में झगड़ा शुरू हो गया। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर कट्टे के बट से हमला किया और गोलियां चलाई हैं। हंगामा का पता चलते ही पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने घटना स्थल से एक कट्टा व कुछ कारतूस भी बरामद किए हैं। बदमाश कपिल यादव के साथी होने का आरोप
मारपीट और फायरिंग के बाद बदमाशों ने अपना रौब दिखाने के लिए रवि व अंकुर को दोबारा पीटा और इस बार उन्हें बचाने के लिए कोई नहीं आया। मारपीट के बाद जिस तरह बदमाश आए थे उसी तरह बेखौफ अंदाज में वहा से निकल गए। रवि का कहना है कि नितिन यादव व सुमित यादव, बदमाश कपिल यादव के साथी हैं। कपिल यादव हाल ही में मुरार सराफा बाजार में कारोबारी पर अंधाधुंध गोलियां चलाने पर चर्चा में आया था। पुलिस ने उसे शॉर्ट एनकाउंटर में पकड़ा था। नितिन-सुमित को पीटा, कार तोड़ दी
दूसरी तरफ नितिन यादव व सुमित यादव का कहना है कि रवि शर्मा, अंकुर शर्मा व दिनेश पाल ने उसके पिता पर हमला किया था। जब वह बात करने पहुंचे तो इन लोगाें ने हमको कट्टे के बट से मारा है। हमारी कार में तोड़फोड़ की है। हमने उनका कट्टा छीना तो हमारा वीडियो बनाने लगे। पुलिस ने दोनों पक्ष का मेडिकल कराया है।
सीएसपी अतुल कुमार सोनी का कहना है- लाल टिपारा पर बिजली की लाइन काटने को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हुआ है। दोनों पक्षों ने एक दूसरे को कट्टे के बट से पीटने का आरोप लगाया है। दोनों तरफ से घायलों का मेडिकल कराकर एक्शन लिया जा रहा है।


