कड़ाके की ठंड के बीच सुनसान जंगल में मिली नवजात:झाबुआ में रोने की आवाज सुनकर ग्रामीणों ने देखा; पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल, हालत स्थिर

झाबुआ जिले के कल्याणपुरा थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक नवजात बालिका लावारिस हालत में मिली। शनिवार शाम करीब 5 बजे यह घटना छोरा-छोरी की डूंगरी के पास सुनसान जंगल में ह़ई। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे अस्पताल पहुंचाया। बच्ची की हालत स्थिर है। जंगल से रोने की आवाज सुनकर पता चला जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम को जब कुछ स्थानीय लोग जंगल की ओर से गुजर रहे थे, तो उन्हें झाड़ियों के बीच से किसी बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। ग्रामीणों ने पास जाकर देखा तो वहां एक नवजात बच्ची पड़ी थी। सुनसान जंगल और जंगली जानवरों के खतरे के बीच बच्ची को जीवित देख ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना डायल 112 और कल्याणपुरा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कल्याणपुरा पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने बच्ची को 108 एंबुलेंस से कड़ाके की ठंड के बीच प्राथमिक उपचार के लिए झाबुआ जिला अस्पताल पहुंचाया। बच्ची की हालत स्थिर कल्याणपुरा टीआई धूलचंद डोडियार ने बताया कि बच्ची फिलहाल पूरी तरह सुरक्षित है और जिला अस्पताल के डॉक्टरों की विशेष निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार बच्ची की स्थिति स्थिर बनी हुई है। अज्ञात परिजनों की तलाश शुरू इस मामले में कल्याणपुरा पुलिस ने अज्ञात माता-पिता और परिजनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब उनकी तलाश कर रही है। क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों और आसपास के गांवों में हाल ही में हुए प्रसवों की जानकारी जुटाई जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *