बड़वानी क्षेत्र में शनिवार सुबह वातावरण में घना कोहरा छाया रहा। कड़ाके की ठंड के बावजूद, जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग ने अभी तक सुबह की पाली में लगने वाली कक्षाओं का समय नहीं बदला है। इसके कारण छोटे बच्चे घने कोहरे और भीषण ठंड में स्कूल जाने को मजबूर हैं। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 8 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया, जिससे यह सीजन की सबसे ठंडी रात रही। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 25.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री दर्ज किया गया। पिछले कुछ दिनों से रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे बना हुआ है। तापमान में इस गिरावट से जनजीवन की गति धीमी पड़ गई है। रात के साथ-साथ दिन में भी लोग गर्म कपड़ों में दिखाई दे रहे हैं। ठंड बढ़ने से अलाव जला रहे लोग शाम होते ही लोग निजी तौर पर अलाव जलाने लगे हैं। हालांकि, नगर पालिका ने अभी तक शहर के सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था शुरू नहीं की है। विशेषकर जिला अस्पताल, महिला अस्पताल और बस स्टैंड जैसे स्थानों पर अलाव की आवश्यकता महसूस की जा रही है। ठंड बढ़ी तो दूध-जलेबी, गजक और गर्म कपड़ों की मांग बढ़ी ठंड से बचने के लिए लोग शाम के समय गर्मागर्म दूध-जलेबी और तिल-गुड़ की गजक का आनंद ले रहे हैं। आम दिनों के मुकाबले ठेलों और होटलों पर चाय की खपत भी बढ़ गई है। कारंजा, क्लब रोड और अंजड़ रोड पर अस्थाई गर्म कपड़ों की दुकानों पर लोग शॉल, स्वेटर, जैकेट और मफलर खरीद रहे हैं। जिले में जहां पिछले महीने गेहूं और चने की फसलों की बुवाई हो चुकी है, वहां खेतों में हरियाली नजर आने लगी है।


