भास्कर न्यूज | अंबागढ़ चौकी अंतरराज्यीय ड्यूज बॉल क्रिकेट स्पर्धा का खिताब इस वर्ष पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र के करीम स्पोटर्स क्लब नागपुर के नाम रहा। बुधवार को खिताब के लिए हुए मुकाबले में नागपुर ने डीसीए राजनांदगांव को कांटे के संघर्ष में पांच विकेट से परास्त कर टूर्नामेंट में कब्जा किया। नगर के ग्रीन हिल पार्क क्रिकेट मैदान में 23 दिसंबर से जारी प्रतियोगिता का समापन 31 दिसंबर को हुआ। फाइनल मैच में नागपुर की करीम स्पोटर्स ने टास जीत कर गेंदबाजी करने का फैसला करते हुए डीसीए राजनांदगांव को पहले बल्लेबाजी करने के लिए आमंत्रित किया। डीसीए की शुरुआत काफी खराब रही। राजनांदगांव के प्रथम पंक्ति के पांच बल्लेबाज मात्र 15 रनों के स्कोर में पेवेलियन लौट गए थे। इसके बाद वैभव साहू मैच के अंत तक मैदान में बने रहे। उन्होंने 61 गेंदों में आक्रमक पारी खेलते हुए शतक भी बनाया। वैभव ने 8 चौके व 8 छक्कों की मदद से सौ रन बनाए। जबकि दूसरे छोर से हर्ष शर्मा ने 20 रनों का योगदान दिया। आरिन द्विवेदी ने वैभव साहू के साथ मैदान में टिके रहे। 20-20 ओवरों के मैच में राजनांदगांव ने नागपुर को जीत के लिए 143 रनों का लक्ष्य दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी नागपुर के बल्लेबाजों ने प्रारंभ से ही संभलकर खेलना शुरू किया। नागपुर ने मैच को पांच विकट से जीत लिया। अंत में नागपुर की टीम विजेता बनी। नागपुर के आशुतोष रहे सर्वश्रेष्ठ खिलाडी स्पर्धा के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी नागपुर के आशुतोष रहे। उन्होंने क्रिकेट के दोनों फार्मेट बल्लेबाजी और गेंदबाजी में अपनी टीम को खिताब दिलाने में बेहतरीन प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का खिताब नागपुर के कृष चोपड़ा को गया जबकि गेंदबाज का खिताब डीसीए राजनांदगांव के आरीन द्विवेदी के हाथो लगा। आरीन ने अपनी टीम को फाइनल में पहुंचाने के लिए हर मैच में बेहतरीन प्रदर्शन किया। क्षेत्ररक्षक का खिताब जानेन्द्र को और विकेट कीपर का पुरस्कार आयुष को गया। खेलकूद के लिए हर संभव प्रयास होगा: दिलीप वर्मा डीसीए राजनांदगांव ने उपविजेता का खिताब अर्जित किया। फाइनल मैच का मैन ऑफ द मैच ऋिषिकेश रहे। मैच के निर्णायक स्टेट अंपायर सपन काकड़े, हेमंत ठाकुर व कामेंट्रेटर केएस ठाकुर, विकास मानिकपुरी, प्रज्ञारत्न गोडबोले व विमल यादव थे। स्पर्धा के समापन व पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि जिला भाजपा अध्यक्ष दिलीप वर्मा ने कहा कि नगर ही नहीं बल्कि नवीन जिला में खेल के विकास व खिलाड़ियों के कौशल के उन्नयन के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। सरकार से सभी तरह की सुविधाएं दिलाई जाएगी। दर्शक, मजदूर व स्थानीय खिलाड़ी भी हुए सम्मानित समापन में दर्शक व मजदूर तथा स्थानीय खिलाड़ियों को सम्मानित किया। क्रिकेट स्पर्धा में केवल स्पर्धा के विजेता, उपविजेता, सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, गेंदबाज, क्षेत्ररक्षक, विकेट कीपर ही नहीं बल्कि स्पर्धा में मैच का आनंद उठाने वाले दर्शक, मैदान को किक्रेट के लिए उपयोगी बनाने वाले स्थानीय खिलाड़ियों व आयोजन को सफल बनाने वाले विमल यादव, अजहरूद्यीन, नरेश यादव, रवि मिश्रा, प्रज्ञारत्न गोडबोले, मन्नू निशाद, तेजेशवर, केएस ठाकुर, विकास मानिकपुरी, हेमंत ठाकुर, सपन काकड़े को सम्मानित किया गया।


