रीवा जिले के समान थाना क्षेत्र और विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र में बदमाशों ने बैक टू बैक पेट्रोल पंप में लूट की वारदात की। बताया गया कि सबसे पहले रतहरा बायपास स्थित गर्ग फिलिंग स्टेशन में बुधवार देर रात नकाबपोश बदमाशों ने पिस्टल दिखाई और लूट लिया। जिसके बाद वे विश्वविद्यालय क्षेत्र स्थिति पेट्रोल पंप पहुंचे। दोनों घटनाएं कैमरे में कैद हुईं, जिसमें बदमाशों की गतिविधियां साफ तौर से कैद हुई हैं। दोनों ही मामलों के सीसीटीवी फुटेज गुरुवार रात सामने आए। जानकारी के अनुसार, बुधवार रात दो नकाबपोश बदमाश क्रमशः फिलिंग स्टेशन पहुंचे। पहले बाइक की टंकी फुल कराई। फिर एक बदमाश ने पिस्टल दिखाकर कर्मचारियों को धमकाया और दूसरे ने नकदी समेट ली। हथियार के डर से कर्मचारी विरोध नहीं कर सके। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बदमाश मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही समान थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कर्मचारियों से पूछताछ की। पुलिस ने पेट्रोल पंप और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। बदमाशों के भागने की दिशा और हुलिए के आधार पर इलाके में नाकाबंदी कर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। मामले को लेकर सीएसपी राजीव पाठक ने बताया कि लूट की घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एडिशनल एसपी संदीप मिश्रा ने बताया कि इस तरह की घटना दोबारा न हो। इसलिए सुरक्षा व्यवस्था और पेट्रोलिंग बढ़ाई जाएगी। इधर, घटना के बाद शहर और बायपास क्षेत्र के पेट्रोल पंप संचालकों और कर्मचारियों में दहशत का माहौल है। लोगों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था सख्त करने की मांग की है।


