भास्कर न्यूज | जालंधर शहीद बाबू लाभ सिंह नगर से सटे बाबा काहन दास नगर में शनिवार देर शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब फायरिंग हो गई। फायरिंग में फतह गैंग के गुर्गे नीरज कुमार उर्फ तन्नू को तीन गोलियां लगी हैं। वहीं, साइकिल पर जा रहे 65 साल के प्लंबर शेषनाग की जांघ में गोली लगी है। प्लंबर को सिविल अस्पताल में, जबकि नीरज को नाजुक हालत में मॉडल टाउन स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। डीसीपी (इन्वेस्टीगेशन) मनप्रीत सिंह ढिल्लों ने कहा कि जांच में यह बात आई है कि कन्नू गुज्जर गैंग और फतह गैंग के बीच पुरानी दुश्मनी चल रही है। फायरिंग में फतह गैंग का गुर्गा नीरज जख्मी हुआ है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। डीजीपी ने कहा कि फायरिंग में एक प्लंबर भी जख्मी हुआ है। फायरिंग करने वाले आकाश की तलाश की जा रही है। चश्मदीद बताते हैं कि बाबा काहन दास नगर में रहने वाला नीरज अपने घर के पास खड़ा था। इस बीच एकाएक फायरिंग हो गई। इसके बाद लोग जान बचा कर दौड़े। इस दौरान वहां से साइकिल पर निकल रहे एक शख्स को भी गोली लग गई। नीरज के पिता रूप लाल ने कहा कि बेटा घर का बाहर खड़ा था। इस दौरान बाइक और गाड़ी में आकाश और उसके साथी आए। उन्होंने बेटे पर फायरिंग कर दी। जख्मी बेटे को उठाकर पहले कपूरथला चौक स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में लेकर गए, लेकिन उसकी हालत को नाजुक देखते हुए रेफर कर दिया गया। उधर, नीरज के दोस्त बताते है कि तीन दिन से विरोधी गैंग रेकी कर रहा था। शनिवार देर शाम गैंग ने अटैक कर दिया। दूसरी ओर प्लंबर के भांजे सतीश ने कहा कि मामा देर शाम काम से घर लौट रहे थे। तभी दो पक्ष लड़ रहे थे कि उनके बीच फायरिंग हो गई। एक गोली उनके मामा को लगी है। सतीश मामा को प्राइवेट अस्पताल लेकर गए। प्राइवेट अस्पताल में मौजूद डीसीपी मनप्रीत सिंह ढिल्लों, एसीपी परमजीत सिंह व अन्य (दाएं) नीरज के पिता रूप लाल की स्टेटमेंट लेती पुलिस।


