भास्कर न्यूज | रिगनी/खरौद ग्राम पंचायत लोहर्सी (खरौद) में आयोजित कन्नौजिया कुर्मी एकीकरण महाधिवेशन समाज के लिए ऐतिहासिक, प्रेरणादायी एवं अत्यंत सफल आयोजन के रूप में संपन्न हुआ। इस महाधिवेशन में समाज की एकता, आपसी संवाद और सकारात्मक दिशा को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही सर्व कुर्मी समाज की रीति-नीति को अपनाने की दिशा में ठोस पहल की गई। खुले मंच एवं पूर्ण पारदर्शिता के साथ आयोजित इस महाधिवेशन में समाज के विभिन्न परिक्षेत्रों से आए कन्नौजिया कुर्मी स्वजातीय जनों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर गंभीर एवं सार्थक चर्चाएं हुईं। इस अवसर पर वक्ताओं ने अपने विचार रखते हुए कहा कि अब समाज को किसी व्यक्ति विशेष, गुट या बंद कमरे की बैठकों की आवश्यकता नहीं है। समाज स्वयं संगठित होकर अपने भविष्य की दिशा तय करने में सक्षम है। महाधिवेशन को सफल बनाने में समाज के वरिष्ठजनों, मातृशक्तियों, युवाओं एवं बुजुर्गों के साथ-साथ विशेष रूप से सिलदहा परिक्षेत्र के निर्वाचित पदाधिकारियों, कन्नौजिया कुर्मी युवा संगठन, कुर्मी एकता संघ, व्यवस्था संभालने वाले स्वजातीय जनों तथा दूर-दराज से पधारे समाजबंधुओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजकों द्वारा सभी सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया। साथ ही मीडिया प्रतिनिधियों का भी धन्यवाद किया गया, जिन्होंने महाधिवेशन की सकारात्मक सोच और उद्देश्यों को समाज के कोने-कोने तक पहुंचाया।


