सिरोंज के शासकीय कन्या शाला के प्राचार्य का 40 सेकंड का वीडियो सामने आया है, जिसमें वे पत्नी के साथ एक भजन पर नाचते हुए दिखाई दे रहे हैं l इस वीडियो के आधार पर ज़िला शिक्षा अधिकारी से उनकी शिकायत की गई है। साथ ही उन पर सरकारी पैसे के दुरुपयोग का आरोप लगाया गया है। मामले में शिक्षा अधिकारी ने जांच कराने की बात कही है। दरअसल, 23 दिसंबर को मनोज शर्मा काे प्राचार्य पद पर रहते हुए एक साल पूरा हो गया था l इस एक साल में उन्होंने स्कूल में बहुत से सुधार कार्य किए। खंडहर होते स्कूल को नया रूप दिया l ग्राउंड को व्यवस्थित किया। क्लास रूम में लाइट, पंखे आदि लगवाए l उनके कामों की चर्चा सिरोंज विधायक उमाकांत शर्मा तक पहुंची तो उन्होंने भी मनोज शर्मा का उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया l उनके कार्यकाल का एक साल पूरा होने पर स्कूल के स्टाफ ने प्राचार्य का स्वागत सम्मान करने का मन बनाया और प्राचार्य की पत्नी को भी स्कूल आमंत्रित किया l प्रार्थना सभा के समय प्राचार्य और उनकी पत्नी का फूलमाला से स्वागत किया गया l छात्राओं के अनुरोध पर ख़ुशी का इजहार करते हुए उसी समय एक भजन पर वे पत्नि के साथ हाथ उठाकर थिरक लिए l इसका वीडियो बनाकर उनकी शिकायत कर दी गई। प्राचार्य ने आरोपों को बताया निराधार मामले में मनोज शर्मा ने कहा कि फूल मालाएं स्टाफ ने अपने पैसे से मंगवाईं l इसमें कोई सरकारी पैसे का उपयोग नहीं किया गया। प्रार्थना सभा के समय रोज माइक का उपयोग किया जाता है जो स्कूल का ही है l छात्राओं के लिए मैट भी रोज बिछाई जाती है, वह भी स्कूल की हैl इसके अलावा अलग से कोई इंतजाम नहीं था। भजन बज रहा था। छात्राओं के अनुरोध पर मैंने पत्नी के साथ डांस कर लिया। आगे से सजग रहूंगा। ऐसा दोबारा नहीं होगा फिल्मी गाने की बात भी झूठ है l किसी ने दुर्भावना वश गलत तरीके से तथ्यों को रखने की कोशिश की है।


