ठीकरी पुलिस ने ग्राम कपालियाखेड़ी में हुई लूट की घटना का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बड़वानी एसपी जगदीश डावर ने बताया कि आरोपियों के पास से लूटी गई कार, मोबाइल फोन और नकदी सहित लगभग 6 लाख रुपए का मशरूका जब्त किया है। एक अन्य आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। यह घटना 29 जनवरी को तड़के 3:30 बजे हुई थी। फरियादी राजेश पिता ठाकुर सिंह राठौड़ ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि जब वह इंदौर से गुणीबयड़ी, थाना ठीकरी जा रहे थे, तब ग्राम कपालियाखेड़ी के पास दो बाइक पर आए चार अज्ञात लड़कों ने उनके साथ बेल्ट से मारपीट की। आरोपियों ने फरियादी की वेगनार कार क्रमांक MP 09 DW 7699 की चाबी छीन ली और कार में रखा पर्स, नकदी रुपए, चार मोबाइल फोन और कार सहित लूटकर फरार हो गए। इस संबंध में थाना ठीकरी में अपराध क्रमांक 28/26, धारा 309(6) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। थाना प्रभारी ठीकरी निरीक्षक नाथूसिंह रंधा के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने आसूचना संकलन और साइबर सेल की तकनीकी मदद ली। घटना स्थल के पास एक शादी समारोह था, जिसकी वीडियो रिकॉर्डिंग प्राप्त कर फरियादी द्वारा बताए गए हुलिए के संदिग्धों की जानकारी जुटाई गई। पुलिस ने इन्हें किया गिरफ्तार संदिग्ध अक्षय पिता सुरेश मेवाड़े को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया और अपने साथियों के नाम बताए। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों – जितेंद्र उर्फ पन्ना पिता मांगीलाल पंचोली (26), नवीन पिता हिरदाराम ठाकुर (19) और अक्षय पिता सुरेश मेवाड़े (18) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से जब्त सामान इस प्रकरण में शेष फरार आरोपी शंकर पिता गबरू केवट (निवासी ग्राम कटोरा, थाना बलकवाड़ा, खरगोन) की तलाश की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों से एक कार, 3 मोबाइल फोन, 1,000 रुपए नकद और घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की लाल-काले रंग की बाइक जब्त की गई है। जब्त किए गए कुल मशरूका की अनुमानित कीमत लगभग 6 लाख रुपए है। आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड आरोपी जितेंद्र उर्फ पन्ना पिता मांगीलाल पंचोली का आपराधिक रिकॉर्ड है। उसके खिलाफ थाना उदयनगर में अवैध वसूली, आगजनी, मारपीट, लूट के मामले दर्ज हैं। इसके अलावा, थाना खुड़ेल, जिला इंदौर में हत्या सहित डकैती और लूट के तथा थाना सनावद, जिला खरगोन में चोरी के अपराध भी पंजीबद्ध हैं। एक अन्य आरोपी नवीन पिता हिरदाराम ठाकुर जाति भील उम्र 19 वर्ष निवासी करामतपुरा थाना ठीकरी जिला बड़वानी के विरूद्ध थाना ठीकरी पर मारपीट करने का अपराध पंजीबद्ध है।


