कपूरथला का औजला रोड में 13 घंटे बाद जाम खुला:रात में ट्राला खराब होने से आवागमन ठप, क्रेन से हटाकर खोला रास्ता

कपूरथला के औजला रोड पर मंगलवार रात एक बड़ा ट्राला फंसने के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। रेलटेक कंपनी का यह ट्राला फैक्ट्री से रेल कोच फैक्ट्री की ओर जा रहा था, तभी औजला गांव के यादगारी गेट से टकरा गया। इस टक्कर में गेट क्षतिग्रस्त हो गया और ट्राला वहीं फंस गया, जिससे औजला गांव और इंडस्ट्रियल एरिया को जोड़ने वाले दोनों मुख्य मार्ग करीब 13 घंटों के लिए बंद हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पीसीआर इंचार्ज रणजीत सिंह की देखरेख में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जाम की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने यातायात को वैकल्पिक रास्तों पर मोड़ा, लेकिन मार्ग अवरुद्ध होने के कारण स्थानीय निवासियों और राहगीरों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। ट्राले के फंसने से बिजली की तारों और मलबे का खतरा बना हुआ था, जिसे देखते हुए प्रशासन ने तुरंत सुरक्षा उपाय लागू किए। बुधवार सुबह बिजली विभाग के सहयोग से क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद की गई, जिसके बाद क्रेन की मदद से गेट का मलबा हटाकर ट्राले को सुरक्षित बाहर निकाला गया। पुलिस टीम की मौजूदगी में चले इस रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सड़क से अवरोध हटाए गए। ट्राला हटने के साथ ही करीब 13 घंटे से ठप पड़ा यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका और लोगों ने राहत की सांस ली।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *