कपूरथला-जालंधर रोड पर तीन बाइक सवार गड्ढे में गिरे:1 की अस्पताल ले जाते मौत, दो जख्मी; निर्माण कंपनी पर लापरवाही का आरोप

पंजाब में कपूरथला के अहमदपुर गांव से अठौला के बीच चल रहे एक पुल निर्माण स्थल पर बीती रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। निर्माण कार्य के लिए खोदे गए एक गहरे गड्ढे में मोटरसाइकिल सवार तीन लोग अचानक गिर गए, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद निर्माण एजेंसी और प्रशासन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी का गंभीर आरोप लगा है। मिली जानकारी के अनुसार इबन गांव के रहने वाले हरदीप सिंह बढ़ई का काम करते हैं। वह अपना काम खत्म कर सुखविंदर सिंह और उनके बेटे जुझार सिंह के साथ मोटरसाइकिल पर अहमदपुर से अठौला होते हुए अपने गांव लौट रहे थे। घायल हरदीप सिंह ने बताया कि जिस जगह पुल का निर्माण कार्य चल रहा है, वहां सड़क पर कोई लाइट की व्यवस्था नहीं थी और न ही गड्ढे के चारों ओर कोई बैरिकेड या चेतावनी चिन्ह लगाया गया था। इसी घोर लापरवाही के कारण अंधेरे में उन्हें गड्ढा दिखाई नहीं दिया और उनकी मोटरसाइकिल सीधे उसमें जा गिरी। अस्पताल लाते ही एक ने दम तोड़ा, दूसरे का इलाज जारी हादसे के बाद तीनों लोग गड्ढे में फंस गए। उन्हें बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला गया। तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों को सिविल अस्पताल कपूरथला पहुंचाया गया। सिविल अस्पताल कपूरथला में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर आशीष पाल ने कहा- अस्पताल लाए जाने के बाद उपचार के दौरान मोटरसाइकिल चला रहे सुखविंदर सिंह ने दम तोड़ दिया। जुझार सिंह और हरदीप सिंह का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। घायल हरदीप सिंह ने निर्माण एजेंसी और संबंधित प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने मांग की है कि इस मामले की उच्च स्तरीय जांच की जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर उन्हें न्याय दिलाया जाए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *