कपूरथला जेल से चला रहा था नशे का धंधा:कैदी का भाई हेरोइन समेत गिरफ्तार, बाइक से कर रहा था सप्लाई

कपूरथला में पुलिस ने नशा तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा किया है। कपूरथला मॉडर्न जेल में बंद एक कैदी अपने भाई के साथ मिलकर हेरोइन की तस्करी कर रहा था। सीआईए स्टाफ ने कैदी के भाई को 250 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। डीएसपी परमिंदर सिंह ने बताया कि जेल में बंद हरजिंदर सिंह उर्फ जिंदू अपने छोटे भाई जोरावर सिंह की मदद से नशे का कारोबार चला रहा था। सीआईए स्टाफ को गुप्त सूचना मिली थी कि जोरावर सिंह भंडाल दोना के स्टेडियम के पास हेरोइन की डिलीवरी करने आ रहा है। पुलिस ने नाकाबंदी कर स्प्लेंडर बाइक पर सवार जोरावर सिंह को पकड़ा। तलाशी में उसके पास से 250 ग्राम हेरोइन और 2240 रुपए की ड्रग मनी बरामद हुई। दोनों भाइयों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने जोरावर सिंह को दो दिन के रिमांड पर लिया है। जेल में बंद हरजिंदर सिंह को भी पूछताछ के लिए प्रोडक्शन वारंट पर लाया जाएगा। डीएसपी ने बताया कि हरजिंदर सिंह पहले से ही एनडीपीएस के एक मामले में जेल में बंद है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *