पंजाब सरकार के निर्देश पर पूरे राज्य में वांटेड अपराधियों, गैंगस्टरों और भगोड़े आरोपियों के खिलाफ 72 घंटे का विशेष अभियान ‘प्रहार-2’ शुरू किया गया है। इसी के तहत कपूरथला पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 45 संदिग्धों को हिरासत में लिया और 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान चोरी की मोटरसाइकिलें और नशीला पदार्थ भी बरामद किया गया। एसएसपी गौरव तूरा ने बताया कि ‘प्रहार-2’ के तहत चलाए गए सर्च ऑपरेशन में कुल 45 संदिग्धों को राउंडअप किया गया, जिनमें से 15 को गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई विशेष रूप से नशे के हॉटस्पॉट माने जाने वाले मोहल्ला मेहताबगढ़ में की गई। ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने चोरी की कई मोटरसाइकिलें, नशीला पदार्थ और अन्य प्रतिबंधित सामग्री बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है, जिससे और खुलासे होने की उम्मीद है। एसएसपी गौरव तूरा ने बताया कि यह अभियान 72 घंटे तक चलेगा, जिसका उद्देश्य आपराधिक मामलों में वांछित आरोपियों को पकड़ना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जिला पुलिस अपराधियों के खिलाफ पूरी तरह सतर्क है और किसी को बख्शा नहीं जाएगा। एसएसपी के अनुसार, इससे पहले चलाया गया ‘ऑपरेशन प्रहार-1’ भी काफी सफल रहा था, जिसके तहत बड़ी संख्या में संदिग्धों की गिरफ्तारियां हुई थीं और अपराध पर प्रभावी लगाम कसी गई थी। कपूरथला पुलिस ने कहा कि जिले को अपराध और नशे से मुक्त करने के लिए आने वाले दिनों में भी ऐसे सर्च और रेड ऑपरेशन जारी रहेंगे।


