कपूरथला में चौकी में युवक ने खुद को घायल किया:अमृतसर रेफर, डीएसपी बोले- हालत खतरे से बाहर; गेहूं चोरी करते हुए पकड़ा था

कपूरथला की सब-डिवीजन भुलत्थ के अंतर्गत नडाला पुलिस चौकी में एक युवक ने खुद को नुकीली वस्तु से घायल कर लिया। पुलिस ने उसे तुरंत इलाज के लिए सुभानपुर अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे अमृतसर के मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। नडाला चौकी इंचार्ज बलजिंदर सिंह ने बताया कि शनिवार सुबह लखन के पड्डा निवासी लिप्त विरली ने मनदीप सिंह उर्फ मीपा को गेहूं चोरी करते हुए रंगे हाथों पकड़ा था। विरली चुराए हुए गेहूं के साथ मनदीप को नडाला चौकी ले आया और उसके खिलाफ शिकायत दर्ज करा रहा था। पुलिस ने मनदीप को एक कमरे में बैठाया था। इसी दौरान उसने किसी नुकीली वस्तु से खुद को घायल कर लिया। चौकी कर्मचारियों की मदद से उसे पहले सुभानपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे अमृतसर रेफर कर दिया गया। डीएसपी बोले- हालत अब खतरे से बाहर मनदीप सिंह के भाई गुरप्रीत सिंह निवासी प्रेम नगर (लखन के पड्डा) ने बताया कि दोपहर करीब दो बजे पुलिस उनके गांव आई और उन्हें बताया कि उनका भाई घायल हो गया है। पुलिसकर्मियों ने उन्हें अस्पताल चलने को कहा, जिसके बाद वे मनदीप को अमृतसर ले गए। डीएसपी भुलत्थ करनैल सिंह ने पुष्टि की कि मनदीप सिंह का इलाज अमृतसर में चल रहा है और उसकी हालत अब खतरे से बाहर है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *