कपूरथला में दो कारों में टक्कर:दो युवक घायल, ड्यूटी खत्म करके दोनों लौट रहे थे अपने घर, लोगों ने पहुंचाया अस्पताल

कपूरथला में मंगलवार देर रात जालंधर बाइपास के पास दो कारों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से घायलों को इलाज के लिए कपूरथला के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों की पहचान करतारपुर के मोहल्ला खटीका निवासी साहिल पुत्र ओम प्रकाश और मनवीर शेरा पुत्र रविंदर के रूप में हुई है। सिविल अस्पताल में प्रारंभिक उपचार के बाद, उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए परिजन उन्हें किसी निजी अस्पताल ले गए। मनवीर शेरा ने बताया कि वह कपूरथला- नकोदर मार्ग स्थित एक निजी फैक्ट्री में काम करते हैं। मंगलवार रात को काम से छुट्टी के बाद वह अपने साथी के साथ कार में घर लौट रहे थे। जैसे ही वे जालंधर बाइपास पर पहुंचे, सामने से कपूरथला से जालंधर की ओर आ रही एक कार से उनकी गाड़ी की जोरदार टक्कर हो गई। राहगीरों ने पहुंचाया अस्पताल टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद राहगीरों ने उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल कपूरथला पहुंचाया। सिविल अस्पताल के ड्यूटी डॉक्टर ने बताया कि दोनों घायलों का इमरजेंसी वार्ड में इलाज किया गया और एक्स-रे व अन्य आवश्यक जांचें की गईं। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए परिजनों ने उन्हें आगे के इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *