कपूरथला के शेखूपुर क्षेत्र में चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। सरकारी स्कूल के बाहर स्थित मोबाइल और घड़ियों की दो दुकानों से 50 हजार रुपए का सामान चोरी कर लिया। आरोपी पीछे की दीवार तोड़कर अंदर घुसे। वहीं घटना के बारे में चौकीदार को भनक भी नहीं लगी। दुकानों के मालिक परमिंदर सिंह ने बताया कि रात को हमेशा की तरह दुकान बंद करके गए थे। सुबह जब दुकान खोली तो अंदर का सामान बिखरा हुआ मिला और स्कूल ग्राउंड की तरफ की दीवार टूटी हुई थी। हैरानी की बात यह है कि दुकानों के बाहर तैनात बुजुर्ग चौकीदार को भी चोरी की घटना का पता नहीं चला। मामले की जांच कर रही पुलिस घटना की सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस और पीसीआर टीम मौके पर पहुंची। जांच अधिकारी अमरीक सिंह के मुताबिक, चोर स्कूल ग्राउंड से दीवार तोड़कर दुकानों में घुसे। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।


