कपूरथला के ढिलवां कस्बे में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बाइक सवार दो युवकों को 30 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नशीला पदार्थ बरामद कर उनकी मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली। थाना ढिलवां के प्रभारी दलविंदर बीर सिंह ने बताया कि एएसआई गुरदीप सिंह अपनी टीम के साथ शाम को हाईटेक नाका ढिलवां पर वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान अमृतसर की ओर से आ रही एक मोटरसाइकिल को रोका गया और उसकी तलाशी ली गई। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज पूछताछ में बाइक सवार की पहचान मानोचाहल कलां निवासी मंगल सिंह उर्फ गोबिंद सिंह और पीछे बैठे युवक की पहचान नूरपुर निवासी जगनदीप के रूप में हुई। इसी दौरान पीछे बैठे युवक ने अचानक बाइक से उतरकर पास के एक पेड़ के नीचे झाड़ियों की ओर एक लिफाफा फेंक दिया, जिसे मौके पर मौजूद एएसआई ने देख लिया। पुलिस ने तुरंत लिफाफे की जांच की। जिसमें से 30 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनके खिलाफ थाना ढिलवां में मामला दर्ज कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों से आगे की पूछताछ की जा रही है, ताकि नशा तस्करी से जुड़े अन्य लिंक का भी खुलासा किया जा सके।


