पंजाब के डीजीपी गौरव यादव के निर्देश पर कपूरथला पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई की है। दो दिनों तक चली इस छापेमारी में कुल 56 गैंगस्टरों को गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई एसएसपी गौरव तूरा के नेतृत्व में जिले की चारों सब-डिवीजनों में की गई। एसएसपी गौरव तूरा ने बताया कि इस ऑपरेशन का उद्देश्य पंजाब की जनता को गैंगस्टरों के डर से मुक्त करना और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाना है। इसके लिए पुलिस बल को पूरी तरह सक्रिय किया गया। छापेमारी के दौरान जिले में 204 संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई, जिसमें 147 लोगों को हिरासत में लिया गया। जेलों से रिहा हुए आरोपियों को भी किया अरेस्ट गिरफ्तार किए गए 56 गैंगस्टर जिले के 16 पुलिस थानों के अंतर्गत आते हैं। इनमें वे आरोपी भी शामिल हैं जो हाल ही में पंजाब की विभिन्न जेलों से जमानत पर रिहा हुए थे। इन सभी पर पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। एसएसपी ने आगे बताया कि डीजीपी पंजाब ने 72 घंटे के भीतर गैंगस्टर नेटवर्क को तोड़ने के आदेश दिए हैं। इन आदेशों के तहत पुलिस पूरी मुस्तैदी से कार्रवाई कर रही है। उन्होंने पुष्टि की कि ऑपरेशन प्रहार के तहत छापेमारी का सिलसिला गुरुवार को भी जारी रहेगा।


