कपूरथला में गुरुवार शाम को पीआरटीसी कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन के नेताओं को नजरबंद करने का प्रयास किया जा रहा है। यह कार्रवाई 15 अगस्त को फरीदकोट में सीएम भगवंत मान के कार्यक्रम में संभावित विरोध प्रदर्शन को रोकने के लिए की जा रही है। कपूरथला जिले की पुलिस ने यूनियन के राज्य वरिष्ठ उपाध्यक्ष गुरप्रीत सिंह पन्नू के घर पर छापेमारी की। थाना सुभानपुर के एसएचओ अमनदीप के अनुसार, छापेमारी के दौरान गुरप्रीत सिंह घर पर नहीं मिले। गुरप्रीत सिंह पन्नू ने एक वीडियो संदेश में कहा कि वह अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने घोषणा की कि 15 अगस्त को फरीदकोट में राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाएंगे और अपनी समस्याओं के समाधान की मांग करेंगे। यूनियन नेताओं ने सरकार की इस कार्रवाई की निंदा की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर गुरप्रीत सिंह पन्नू के खिलाफ कोई कार्रवाई की गई तो संगठन कड़ा विरोध करेगा। पंजाब रोडवेज पीआरटीसी के अस्थायी कर्मचारी पहले से ही विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। गुरुवार को प्रस्तावित वार्ता भी नहीं हो सकी।


