कपूरथला में युवक से साढ़े 13 लाख हड़पे:एजेंट ने स्पेन भेजने का दिया झांसा; बोला- पैसे भी वापस नहीं कर रहा

कपूरथला के गांव खेड़ा दोना में एक युवक को स्पेन भेजने के नाम पर 13.50 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। युवक के पिता की शिकायत पर थाना सदर में ट्रैवल एजेंट के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल आरोपी ट्रैवल एजेंट की गिरफ्तारी नहीं हुई है। जानकारी के अनुसार, गांव खेड़ा दोना निवासी गुरदेव सिंह ने शिकायत में बताया कि वह अपने बेटे तरनवीर सिंह खेड़ा को स्पेन भेजना चाहते थे। इसी दौरान उनका संपर्क जालंधर के शाहकोट स्थित गांव तलवंडी माधो निवासी हैप्पी खन्ना से हुआ। हैप्पी खन्ना ने दावा किया था कि वह उनके बेटे को स्पेन भेज देगा और पहले भी कई लोगों को विदेश भेज चुका है। न स्पेन भेजा, न पैसे वापस किए बेटे को स्पेन भेजने के संबंध में दोनों के बीच बात तय हो गई। हैप्पी खन्ना ने तरनवीर सिंह को विदेश भेजने के लिए दस्तावेज और विभिन्न लेन-देन के नाम पर 13.50 लाख रुपए ले लिए। हालांकि, बाद में न तो तरनवीर को स्पेन भेजा गया और न ही पैसे वापस किए गए। इसके बाद गुरदेव सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिक जांच की, जिसमें आरोपी ट्रैवल एजेंट पर लगे आरोप सही पाए गए। इसके बाद, पुलिस ने ट्रैवल एजेंट हैप्पी खन्ना के खिलाफ धोखाधड़ी की विभिन्न धाराओं के तहत FIR दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *