कपूरथला के फगवाड़ा सबडिवीजन में एक रिटायर्ड पुलिस सब इंस्पेक्टर ने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने के बाद सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा था उनके ऊपर एक आपराधिक केस चल रहा था जिससे वह परेशान थे। मृतक 71 वर्षीय करमजीत सिंह पुत्र चरणजीत सिंह फगवाड़ा के मोहल्ला गुरु नानकपुरा की गली नंबर 3 में रह रहे थे। अचानक उनके कमरे से गोली चलने से हड़कंप मच गया। परिजन अंदर गए तो चारों तरफ खून फैला था। उनको उठाकर तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के स्टाफ ने बताया उनके सिर का एक्सरे किया गया। गोली सिर के आरपार हो गई है। कोई सुसाइड नोट नहीं मिला घटना की जानकारी मिलते ही एसपी माधवी शर्मा मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों से बातचीत कर बयान दर्ज किए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में भेज दिया गया है। फिलहाल मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। एसपी ने यह भी कहा कि मामला पूरी तरह से जांच के अधीन है और सभी कानूनी, व्यक्तिगत व मानसिक पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है। हाईकोर्ट में चल रहा था मामला-समन मिलने से परेशान थे एसपी फगवाड़ा माधवी शर्मा ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक हाईकोर्ट में चल रहे एक पुराने आपराधिक मामले को लेकर परेशान था। करमजीत सिंह वर्ष 2015 में पंजाब पुलिस से सब-इंस्पेक्टर के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वह वर्ष 1992 के एक आपराधिक मामले में नामजद थे और हाल ही में उन्हें हाईकोर्ट में दायर एक रिट याचिका के संबंध में कानूनी समन प्राप्त हुआ था। मोहल्ले के लोग बोले खुश मिजाज थे करमजीत सिंह मोहल्ले के लोगों ने बताया कि कर्मजीत खुशमिजाज इंसान थे। वे उनके मोहल्ला गुरुनानक पुरा की सोसायटी के मेंबर भी थे। अचानक उन्होंने यह कदम क्योंं उठाया इसके बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता है। मोहल्ले के एक व्यक्ति ने बताया कि गोली की आवाज सुनकर वह यहां पहुंचे। उनको पता चला कि कर्मजीत सिंह को गोली गली है। एक व्यक्ति ने बताया कि कर्मजीत के बेटे का फोन आया कि घर पर आना। जब वह यहां आए तो घटना का पता चला। पत्नी बोली-बेटी को खाना देने के लिए कहा, गोली चलने की आवाज आई परिवार में पत्नी और बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है। घर में शोक का माहौल है। रोते हुए पत्नी ने बताया कि गोली कैसे चली हमें नहीं पता। मैंने बेटी को कहा कि अपने पिता को खाना दे आओ। इससे पहले ही गोली चल गई। इससे लोग दहल गए कमरे में पहुंचे तो वे खून से लथपथ थे।


