कपूरथला पुलिस ने युवक से फोन छीन कर भागने और महिला से बाली छीनने वाले 3 लुटेरों को काबू किया है। लुटेरों के खिलाफ BNS की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लुटेरों से पूछताछ की जा रही है। सिटी थाना SHO बिक्रम सिंह चौहान ने कहा कि जतिंदर कुमार साहनी निवासी नकोदर रोड ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि बीते दिन वह शाम करीब साढ़े 6 बजे अपने साथी अजय साहनी के साथ घरेलू सामान खरीदने के लिए दुकान पर जा रहा था। वह जब दुकान से थोड़ा पीछे पहुंचे तो सामने सप्लेंडर बाइक पर दो युवक खड़े थे। जिनमें से एक युवक निहंग सिंह के बाणे में था, जोकि बाइक के आगे बैठा था दूसरा युवक बाइक के पीछे बैठा था। जब वह उनके पास से गुजरने लगे तो दोनों युवकों ने बाइक से उतर कर उसके हाथ में पकड़ा फोन छीन लिया और बाइक पर सवार होकर भाग निकले। उन्होंने शोर भी मचाया लेकिन लुटेरे भागने में सफल रहे। अब उसे पता चला है कि उसका फोन लवप्रीत सिंह उर्फ जग्गा निवासी गांव गोरा और अभी कुमार निवासी ब्रह्मकुंड ने छीना है। लुटेरा कान की बाली झपट कर फरार
पुलिस को 12 दिसंबर विशाल वर्मा निवासी जलौखाना कांप्लेक्स नजदीक पावर जोन कपूरथला ने बताया था कि दोपहर करीब 2 बजे अपनी माता रंजू के साथ बाजार से घर स्कूटी पर लौट रहा था। जब वह घर के समीप पहुंचा तो पीछे से बाइक पर एक लुटेरा आया और मां के एक कान की बाली झपट कर फरार हो गया। उसने लुटेरे का पीछा भी किया। लेकिन वह बाइक तेज कर भागने में कामयाब हो गया। लुटेरे की यह घटना पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। अब टेक्निकल जांच में मिले तथ्यों के आधार पर पुलिस ने उक्त लुटेरे को गिरफ्तार किया है। जिसकी पहचान भरथरी नाथ निवासी शेखूपुर हाल निवासी संतपुरा के रूप में हुई है। लुटेरे के कब्जे से छीनी हुई एक सोने की बाली भी बरामद की गई है।


