कपूरथला में वाल्मीकि जी के पोस्टर फाड़ने पर विवाद:समुदाय ने प्रदर्शन किया, अज्ञात के खिलाफ FIR दर्ज

कपूरथला में दशहरे के दिन सैनिक स्कूल के पास भगवान श्री वाल्मीकि जी के पोस्टर फाड़ने की घटना सामने आई है। अज्ञात व्यक्ति ने ब्लेड से पोस्टर फाड़ दिए। इस घटना के बाद वाल्मीकि समुदाय के लोग आक्रोशित हो गए और डीसी चौक पर इकट्ठा होकर सड़क जाम कर दी। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही डीएसपी दीपकरण सिंह, थाना सिटी एसएचओ अमनदीप, ट्रैफिक इंचार्ज दर्शन सिंह और पीसीआर टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस प्रशासन द्वारा कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद लगभग 15 मिनट में जाम हटा दिया गया। केस दर्ज, जांच जारी डीएसपी दीपकरण सिंह ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। कमलेश्वर वाल्मीकि एजुकेशन ट्रस्ट के जिला प्रधान चरणजीत हंस ने बताया कि सैनिक स्कूल के बाहर भगवान वाल्मीकि जी के प्रकाशोत्सव से संबंधित बैनर लगे थे। शाम को किसी शरारती तत्व ने ब्लेड से इन बैनरों को फाड़ दिया। इस घटना से समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं। सूचना मिलते ही समुदाय के लोग मौके पर पहुंचे और एकजुट होकर डीसी चौक पर सड़कों को जाम कर दिया। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर नारेबाजी की। थाना सिटी के एसएचओ इंस्पेक्टर अमनदीप नाहर ने पुष्टि की कि सैनिक स्कूल के बाहर चार पोस्टर फाड़े गए थे। इंस्पेक्टर अमनदीप नाहर ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को त्योहार के बाद उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद उन्होंने धरना समाप्त कर दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *