कपूरथला सिविल अस्पताल की इमरजेंसी में शनिवार शाम को हथियारबंद युवकों ने एक युवक पर हमला कर दिया। हमले के दौरान अस्पताल स्टाफ को दरवाजे बंद कर अपनी जान बचानी पड़ी। जब तक पुलिस पहुंची। तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। जानकारी के अनुसार घटना मॉल रोड स्थित एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के दफ्तर के पास पार्किंग विवाद से शुरू हुई। विवाद में एक युवक घायल हो गया। उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल लाया गया। इसी दौरान हथियारबंद युवक इमरजेंसी वार्ड में घुस आए। उन्होंने एक अन्य युवक पर भी हमला कर दिया। हिरासत में लिए दो आरोपी सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस और पीसीआर इंचार्ज चरणजीत सिंह खेड़ा की टीम मौके पर पहुंची। लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। एसएसपी कपूरथला गौरव तुरा ने बताया कि दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले भी देर रात इमरजेंसी वार्ड में दो गुटों के बीच झड़प हुई थी। उस समय भी स्वास्थ्य कर्मियों और डॉक्टरों को मुश्किल से जान बचानी पड़ी थी।


